मुंबई 6 जुलाई
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने वहां के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में कुल आठ लोगों की मौत हो गई।
तीन मंजिला चॉल का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की मौत
सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द के मंडाला इलाके में हुआ, जहां तीन मंजिला चॉल का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। मलबे में एक अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका के बीच NDRF और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे जनता नगर स्थित चॉल नंबर-5 में हुआ। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घायलों और मृतकों को शताब्दी और राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।
ग्रिल गिरने से युवक की मौत
बारिश के बीच नवी मुंबई में भी एक इमारत की दीवार से लगी ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए 2025 में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिक ने उस पर कार्रवाई नहीं की।
पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत
वहीं, कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। यह एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने की तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गोरेगांव में एक युवक और चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की जान जा चुकी है।
रविवार शाम के बाद भारी बारिश हुई जिससे कईँ इलाकों मे पानी भर गया।खराब मौसम के चलते छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक उड़ान संचालन भी प्रभावित रहा और कईं उड़ाने रद्द करनी पड़ी।
IMD ने जारी की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश, कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
अन्य खबरें जाने –
नाटो शिखर सम्मेलन से पहले रूस ने किया कीव पर बड़ा मिसाइल हमला, एक साथ हुए कईँ धमाके





