जींद 6 जुलाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह भारतीय रेलवे के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है। इसी के साथ प्रधानमंत्री जींद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य और शहर में बने नए मेडिकल कॉलेज का भी लोकार्पण करेंगे और साथ ही जींद में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर हरियाणा सरकार और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए 6 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद जींद पहुंचेंगे। वह उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
इसी बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का पानीपत रूट पर रन-थ्रू हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। परीक्षण के दौरान ट्रेन को 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। ट्रायल अब अंतिम चरण में है।
प्रारंभिक चरण में हाइड्रोजन ट्रेन को केवल जींद-सोनीपत रेलखंड पर संचालित किया जाएगा। ट्रेन का रखरखाव दिल्ली के शकूरबस्ती रेलवे डिपो में होगा। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत रखरखाव के लिए ट्रेन को डीजल लोकोमोटिव की मदद से शकूरबस्ती ले जाया जाएगा। शुरुआती तीन महीनों तक ट्रेन के साथ प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी भी रहेंगे, जो संचालन के दौरान आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान करेंगे।
हाइड्रोजन ट्रेन के कोच चेन्नई की फैक्टरी में तैयार किए गए हैं और उनका परीक्षण सफल रहा है। जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया, कनाडा, फ्रांस और स्वीडन के बाद भारत हाइड्रोजन ट्रेन संचालित करने वाला दुनिया का आठवां देश बन गया है।
इस ट्रेन-सेट में दो ड्राइविंग पावर कार (डीपीसी) हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 2400 किलोवाट है। इसके साथ 8 आधुनिक यात्री कोच लगाए गए हैं, जिन्हें यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है।
अन्य खबरें जाने –



