5 जुलाई
देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। आर्थिक राजधानी मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हुआ , जबकि केरल में अगले तीन दिनों तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली- NCR में बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
मुंबई में हुआ जलभराव
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसी स्थिति को देखते हुए BMC ने लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की अपील की है। BMC ने जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करने की सलाह दी है।
भारी बारिश और 42 नॉट्स तक की तेज हवाओं के चलते रविवार सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक रनवे संचालन रोकना पड़ा।जिससे कईं उड़ानें प्रभावित हुईं ,जबकि कुछ उड़ानें रद्द भी करनी पड़ीं।
केरल में ऑरेंज और येलो अलर्ट
India Meteorological Department (IMD) ने केरल के उत्तरी जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। रविवार को त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। वहीं 6 और 7 जुलाई को कन्नूर, कासरगोड और कोझिकोड समेत कई जिलों बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Kerala State Disaster Management Authority (KSDMA) ने भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने, नदी किनारों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन 1070 और 1077 पर संपर्क करने को कहा है।
दिल्ली- NCR में बारिश से राहत
दिल्ली- NCR में रविवार को हुई मध्यम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 162 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है।
अन्य खबरें जाने




