हिसार 2 जुलाई
हरियाणा के हिसार जिले के अर्बन एस्टेट थाना लॉकअप में 30 वर्षीय युवक सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने उसे पत्नी से मारपीट के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया था। बुधवार सुबह वह लॉकअप में मृत मिला।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लॉकअप और आसपास से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) राजीव कुमार ने थाने पहुंचकर जांच की CCTV फुटेज देखी और लॉकअप में मौजूद अन्य हवालातियों से पूछताछ की। उन्होंने मृतक की पत्नी संध्या के भी बयान दर्ज किए।
मृतक सुनील उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का रहने वाला था और हिसार की मछली मार्केट में चिकन कॉर्नर चलाता था। उसकी पत्नी संध्या ने आरोप लगाया कि सुनील अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और पहले भी जान से मारने की कोशिश कर चुका था। उसने कई बार पुलिस में शिकायत भी दी थी।
पुलिस के अनुसार, लॉकअप में सुनील के साथ दो अन्य हवालाती भी बंद थे। उनके मुताबिक, रात में वह बाथरूम गया और वापस आकर सो गया। सुबह उठाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सुनील का मेडिकल कराया गया था और फिर उसे लॉकअप में रखा गया। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, पड़ोसी राजकुमार ने दावा किया कि सुनील शराब का आदी था और पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
अन्य ख़बरें जानें-
जेल से छूटा, फिर पुलिस पर चलाई गोली… आखिरकार ऐसे आया आरोपी पुलिस की गिरफ्त में



