पलवल 1 जुलाई
हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने आज पलवल जिला के लघु सचिवालय स्थित सभागार में अमृत सरोवर योजना के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों तथा पलवल के नागरिक अस्पताल के रिनोवेशन (जीर्णोद्धार) कार्य का उद्घाटन किया। मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में 222.97 करोड़ रुपये की लागत से 325 अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया है। वहीं, ‘स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा’ अभियान के तहत 114 करोड़ रुपये की लागत से 7 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पलवल जिले में 10.40 करोड़ रुपये की लागत से 24 अमृत सरोवरों का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार किया गया है। इसके अलावा, 7 करोड़ रुपये की लागत से पलवल के नागरिक अस्पताल का आधुनिकीकरण कर उसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ प्रदेश में बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पलवल में करोड़ों रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाई गई है तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का व्यापक विकास किया गया है।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पलवल को एक दिव्य और भव्य शहर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे जिले की अलग पहचान स्थापित होगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला,भाजपा नेता मनोज रावत,उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
अन्य ख़बरें जानें-



