Nuh Cow Smuggler:
नूंह जिले में सीआईए नूंह और गौतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। उसके दो साथी मौके से भागने में कामयाब हो गए । पुलिस ने मौके से चार गोवंशों को मुक्त कराने के साथ एक ईको एम्बुलेंस, एक देसी कट्टा, 10 कारतूस और 03 खाली खोल सहित अन्य सामान बरामद किया है। उप-पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नूंह पृथ्वी सिंह ने बताया कि सीआईए नूंह की एक टीम ने मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास नूंह-होडल रोड पर गश्त और अपराध रोकथाम अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि उटावड़ निवासी कुछ लोग ईको एम्बुलेंस कार में गोवंश भरकर गउकशी करने के लिए उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं।
फायरिंग कर मौके से भागने का प्रयास
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नूंह-होडल रोड पर नाकाबंदी की । कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध ईको एम्बुलेंस कार आती दिखाई दी । पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पुलिस पार्टी को देखकर ईको एम्बुलेंस गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और वाहन में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, जिस दौरान ईको एंबुलेंस कार का टायर पंचर हो गया। इसके बावजूद आरोपी वाहन लेकर भागते रहे और बाद में सरपंच ढाबा के पास गाड़ी छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकले। आरोपियों ने भागते समय भी पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की । जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी हम्मस निवासी उटावड़ के दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया।
देसी कट्टा, तीन खाली खोल और दस जिंदा कारतूस भी बरामद
उसके दोनों पैरों में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज नूंह दाखिल कराया गया । मौके से दो गो-तस्कर भागने में कामयाब हुए । ईको एम्बुलेंस कार से चार गोवंश जिनमें एक बछड़ा, एक बैल और दो गाय को मुक्त कराया । जिनको कथित रूप से रस्सियों से बांधकर क्रूरता पूर्वक वाहन में भरा गया था । मौके से एक देसी कट्टा, तीन खाली खोल और दस जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं । इस संबंध में नूंह सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार गो-तस्करों को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अन्य ख़बरें जानें-
Heatwave Alert: देश भर में तपिश और भीषण गर्मी के साथ हिटवेव के अलर्ट
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



