Bhiwani Protest:
भिवानी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर देर रात एक बार फिर माहौल गरमा गया। बिगड़ती सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए जिला प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। लेकिन सूचना मिलते ही सफाई कर्मचारी भी वहां एकत्र हो गए। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। हालांकि लंबी बातचीत के बाद मामला फिलहाल शांत हो गया, लेकिन कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन को बड़ा अल्टीमेटम दे दिया है।
कर्मचारियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के बीच जमकर बहस
बताया जा रहा है कि, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार गौरव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही नगर परिषद सफाई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर कर्मचारियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के बीच जमकर बहस हुई। हालात को संभालने के लिए सर्व कर्मचारी संघ के नेता भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों का मोर्चा संभाला। काफी देर तक चली बातचीत के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट और कर्मचारी नेताओं के बीच सहमति बनी कि कल सुबह सरकार के साथ होने वाली बातचीत का इंतजार किया जाएगा।
मांगें न मानने पर तेज होगा आंदोलन
लंबी बातचीत के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट गौरव पुलिस बल के साथ वापस लौट गए। वहीं कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने हड़ताल खत्म करवाने की जबरदस्ती की कोशिश की तो शहर में चक्का जाम किया जाएगा। कर्मचारी नेता ने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगें मान लेती है तो हम एक दिन में पूरे शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर देंगे। लेकिन अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



