Faridabad Passenger Trapped:
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की तस्वीर प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया था, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान की सतर्कता और बहादुरी के कारण उसकी जान बच गई।
जल्दबाजी के चक्कर में खो दि थी जान
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुई। जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद स्टेशन से रवाना हो रही थी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से चलकर कोटा तक जाती है और इसका पहला ठहराव बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर होता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन के प्लेटफॉर्म से चलने के दौरान एक यात्री जल्दी में उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक तरीके से फंस गया। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए।
आरपीएफ कांस्टेबल ने पकड़ कर खींचा
स्थिति बेहद गंभीर थी, क्योंकि अगर थोड़ी सी भी देर हो जाती, तो यात्री गंभीर हादसे का शिकार हो सकता था। उसी समय वहां ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विकास ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए साहस का परिचय देते हुए कार्रवाई की। उन्होंने तुरंत यात्री को पकड़कर अपनी ओर खींच लिया और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर बाहर निकाल लिया। कांस्टेबल की इस सूझबूझ और तेजी से की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बच गई। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और आरपीएफ जवान की बहादुरी की सराहना की।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
इस पूरी घटना का वीडियो प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया था और आरपीएफ जवान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरपीएफ प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कांस्टेबल की सतर्कता और तत्परता के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहता है, लेकिन यात्रियों को भी सावधानी बरतनी चाहिए।
अन्य ख़बरें जानें-‘
Gurugram Fire: गुरूग्राम की बस्ती में आग का तांडव, सेनेटरी गोदाम में लाखों रुपए का सामान स्वाहा
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



