ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के चलते राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, 90 विधानसभा सीटों के लिए 75 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही सभी रेंज एडीजीपी, आईजी, पुलिस आयुक्त और जिला एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वो अपने क्षेत्र में किसी भी तरह की सुरक्षा को लेकर कमी न छोड़ें। वहीं, सभी 19500 बूथों पर भी सुरक्षा के मध्यनजर भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
इस संबंध में पुलिस महानिदेशक मनोज यादव का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने के किसी भी तरह के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 130 कंपनियों को तैनात किया गया है। साथ ही राज्य पुलिस के 26,896 जवान, 22,806 होमगार्ड, 7,936 विशेष पुलिस अधिकारी और 6,001 पुलिस ट्रेनिज की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं, वोटिंग वाले दिन अवैध गतिविधियों पर भी पूरे तरीके से शिकंजा कसने के लिए होटल, सराय या इस तरह के स्थान जिनका उपयोग बाहरी लोग ठहरने के लिए करते हैं, उन सभी जगहों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही किसी भी तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए यूनिवर्सिटी और अन्य संस्थानों के छात्रावासों की निगरानी भी की जा रही है।


