Punjab Assembly Winter Session: पंजाब विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है. आज की कार्यवाही के दौरान चार विधेयक पारित किये गये. सत्र बढ़ाए जाने को लेकर कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट किया, जिसके बाद कार्यवाही स्थगित कर दी गई.
आज चार और विधेयक पारित हुए
– भारतीय स्टाम्प (पंजाब संशोधन) विधेयक 2023
– पंजीकरण (पंजाब संशोधन) विधेयक 2023
– संपत्ति हस्तांतरण (पंजाब संशोधन) विधेयक 2023
– पंजाब नहर और नालियां विधेयक 2023
शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने सतलुज यमुना लिंक नहर का मुद्दा उठाया और विधानसभा में इस पर लंबी चर्चा कराने की मांग की. मुख्यमंत्री इस चर्चा को लुधियाना तक ले गए. उन्होंने मांग की कि इस संबंध में सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए, जिसमें विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाए. उन्होंने कहा कि 1982 के बाद पानी पर कोई श्वेत पत्र नहीं आया. इसलिए इस संबंध में नया श्वेत पत्र लाया जाना चाहिए.



