रोहतक: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने तीन दिवसीय दौरे पर हरियाणा के रोहतक पहुंचे। इस दौरान प्रदेश के कई बड़े बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। सीएम मनोहर लाल खट्टर, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, खेल मंत्री अनिल विज समेत तमाम बड़े नेताओं ने अमित शाह को गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
इस तीन दिवसीय हरियाणा दौरे के दौरान शासन और प्रशासन के अलावा सत्ता और संगठनात्मक ढांचे पर भी चर्चा होगी। खुद भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला और मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर अमित शाह से जुड़े एजेंडे को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
शाह का यह दौरा भले ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी को समर्पित विस्तारक योजना के तहत हो रहा है लेकिन हरियाणा के लिए इसके मायने खास हैं। यह दौरा मुख्यमंत्री मनोहरलाल और सुभाष बराला के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।
हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे में अमित शाह जहां सरकार के तीन वर्षों के कामकाज की समीक्षा करेंगे वहीं मिशन 2019 के लिए भी रणनीति तैयार की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करते समय उन 43 सीटों पर फोकस रहेगा, जिनमें 2014 के चुनावों में भाजपा ने शिकस्त खाई। इनमें से भी ऐसी 17 विधानसभा सीटें उनके एजेंडे में टॉप पर हैं, जहां पार्टी प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे। हरियाणा सरकार पहले ही इस बात के संकेत दे चुकी है कि लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव करवाए जाएंगे।




