शिमला: शिमला स्थित जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर उड़ानें शुरू करने के लिए एयर इंडिया ने 75 करोड़ रुपए मांगे हैं। इसको लेकर एयर इंडिया ने राज्य सरकार को पत्र लिखा है। ऐसे में शिमला में हवाई सेवाएं शुरू करने के सरकारी प्रयासों को बड़ा झटका लगा है। मौजूदा स्थिति में राज्य सरकार की वित्तीय हालत को देखते हुए 75 करोड़ रुपए का भार उठाना मुश्किल है क्योंकि ऐसी मांग बाद में फिर से की जा सकती है।
प्रदेश की राजधानी शिमला एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं सितम्बर, 2012 से निलंबित हैं। इसका कारण पहले हवाई पट्टी का 300 फुट तक धंसना है जिसके बाद मुरम्मत कार्य करना पड़ा। अब जब सब कुछ सामान्य है तो एयर इंडिया हवाई सेवाएं शुरू करने की एवज में मोटी रकम मांग रहा है। उल्लेखनीय है कि शिमला की अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में गणना की जाती है लेकिन हवाई सेवाओं के निलंबित होने से हाई क्लास टूरिस्ट यहां नहीं आ पा रहा है।
