न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर को इस साल के अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। गुरूवार को राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार के चयन के लिए हुई मीटिंग में इसका फैसला लिया गया। हरमनप्रीत ने क्रिकेट वर्ल्ड में भारत की तरफ से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई हरमनप्रीत के 171 रनों के पारी की बदौलत भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी, हालांकि फाइनल में टीम इंडिया को इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
इसके अलावा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह और पैरा एथलीट देवेंद्र झाझरिया को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। देवेंद्र झाझरिया ने पिछले साल रियो में हुए पैरालिंपिक के जेवलिन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देशवासियों को शानदार तोहफा दिया था। जबकि सरदार सिंह ने हॉकी टीम की लंबे समय तक कप्तानी की थी। सरदार सिंह विश्व हॉकी के सबसे बेहतरीन मिड-फिल्डर्स में से एक माना जाता है। सरदार के नेतृत्व में भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्ड लीग में कांस्य पदक जीता था। साल 2015 में सरदार सिंह को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

हरमनप्रीत के अलावा क्रिकेट खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके साथ ही पैरा एथलीट एम थंगवेलु और वरूण भाटी भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए हैं। मुक्केबाज देवेंद्र सिंह, पहलवान सत्यव्रत कादयान, गोल्फर एसएसपी चौरसिया, पहलवान सत्यव्रत कादियान और टेबल टेनिस की खिलाड़ी एंथनी अमलराज का नाम भी अर्जुन अवॉर्ड की लिस्ट में है। इसके अलावा हॉकी खिलाड़ी एसवी सुनील, टेनिस खिलाड़ी एस मैनेनी, शूटर प्रकाश नंजप्पा, एथलीट राजीव अरोकिया, खुशबीर कौर को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए बॉक्सर मनोज कुमार और थ्रो बॉल के खिलाड़ी टी रमन्ना समेत सात आवेदन आए थे, लेकिन टी रमन्ना का नाम हटा दिया गया था। रियो पैरालिंपिक में पदक जीतने वाले चारों विजेताओं ने भी खेल रत्न का पुरस्कार पाने के लिए आवेदन दिया था। हालांकि खेल मंत्रालय का यह नियम है कि पहले अर्जुन पुरस्कार दिया जाता है, इसके बाद राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार मिलता है। यही कारण रहा कि भाटी और थंगवेलु के अर्जुन पुरस्कार दिया गया है। आपको बता दें कि अर्जुन पुरस्कार पाने के लिए 82 नामों पर विचार किया गया, जिनमें 17 को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया।



