न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : ड्रग रैकेट की जांच कर रही तेलंगाना की स्पेशल इन्वेस्टिंग टीम (SIT) के सामने बुधवार को साउथ फिल्मों की अभिनेत्री चार्मी कौर उपस्थित हुई। चार्मी तमिल फिल्म इंडस्ट्री की सातवीं कलाकार है जिसे पूछताछ के लिए SIT के सामने उपस्थित होना पड़ा है। ड्रग रैकेट का पर्दाफाश होने के बाद SIT ने जांच शुरू की और फिल्म इंडस्ट्री के 12 लोगों को समन जारी किया था। बुधवार को चार्मी नामपैली स्थित SIT के दफ्तर पहुंची जहां उनसे ड्रग रैकेट से जुड़े सवाल-जवाब किए गए।
एक दिन पहले मंगलवार को हैदराबाद हाईकोर्ट ने चार्मी की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने पूछताछ के दौरान अपने वकील को भी साथ रखने की अनुमति मांगी थी। हालांकि हाईकोर्ट ने SIT को निर्देश दिया था कि महिला अधिकारियों की उपस्थिति में चार्मी से पूछताछ किया जाए। साथ ही यह भी कहा था कि अभिनेत्री के खून, बाल और नाखून के नमूने बिना उनकी मंजूरी के नहीं लिए जाएं। चार्मी का तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में काफी नाम है। साल 2002 में उन्होंने डेब्यू किया था इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा।
चार्मी ने तेलुगू के अलावा कन्नड़, तमिल और मलयालम फिल्मों में भी काम किया है। दरअसल दो जुलाई को एक ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया गया था, जिसमें तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के कई नामों का खुलासा हुआ था। जिसके बाद सभी को समन जारी करके पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। एक्टर मुमैत खान गुरूवार को SIT के सामने उपस्थित होंगे।
