डेरा विवादः केंद्र से हरियाणा पहुंची सुरक्षाबलों की 35 टुकड़ियां, देखें कहां पर कितनी फोर्स

डेरा प्रमुख राम रहीम पर साध्वी यौन शोषण मामले पर 25 अगस्त को फैसला आना है। लेकिन फैसले से पहले सरकार और पुलिस प्रशासन ने…

डेरा प्रमुख राम रहीम पर साध्वी यौन शोषण मामले पर 25 अगस्त को फैसला आना है। लेकिन फैसले से पहले सरकार और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। अगर फैसला डेरा प्रमुख के खिलाफ आता है तो माहौल हिंसक होने की संभावना है, इसी के मद्देनजर पूरे पंजाब हरियाणा हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। केंद्र की तरफ से सुरक्षाबलों की 35 टुकड़ियां हरियाणा भेज दी गई हैं। जिसमें अर्धसैनिकों की 5 टुकड़ियां पंचकूला में तैनात कर दी गई। शाम तक अभी और फोर्स तैनात की जा सकती है। पंचकूला में सुरक्षा प्रबंध ज्यादा कड़े किए गए हैं। क्योंकि पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में डेरा प्रमुख को 25 अगस्त को पेश होना है। इसी के चलते कोर्ट की भी पूरी तरह से जांच की जा चुकी है। बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया था। उधर डेरा समर्थक भी पंचकूला में जुटने शुरु हो चुके हैं।

वैसे तो हरियाणा के कई जिलों में अलर्ट जारी है लेकिन सिरसा और पंचकूला पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। सिरसा में राम रहीम का डेरा है जहां से चलकर वह पंचकूला पहुंचेंगे। उस पूरे रूट का भी डीजीपी बीएस संधू निरीक्षण कर चुके हैं। सिरसा में दो कंपनियां रैपिड एक्शन फोर्स और दो कंपनियां सीआरपीएफ की पहुंच चुकी हैं। अभी और फोर्स बुलाई जा रही है।

इसके अलावा फतेहाबाद में भी रैपिड एक्शन फोर्स की 2 कंपनियां पहुंची हुई हैं। कंपनियों को फिलहाल तहसील चौक की धर्मशाला में रूकवाया गया है। बता दें फतेहाबाद के लिए सुरक्षाबलों की 6 कंपनियां मांगी गई थी जिसमें 2 पहुंच गई हैं और 4 सोमवार शाम तक पहुंचने की उम्मीद है।

पंजाब में भी काफी डेरा अनुयायी है, इसीलिए पंजाब के भी कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मोगा में भी रैपिड एक्शन फोर्स पहुंच चुकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *