न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित फाइव स्टार होटल रेडिसन ब्लू में बुधवार की रात करीब 11.30 बजे पुलिस ने रेड करके 32 लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। जुआ खेलने वालों में शहर के साथ-साथ जालंधर, कपूरथला, फगवाड़ा समेत दूसरी जगहों के नामी-गिरामी प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से करीब 32 लाख की नकदी और करीब 40 मोबाइल भी बरामद किया है। पकड़े गए लोग चाइनीज डाइस से जुआ खेल रहे थे। बताया जाता है कि सूचना मिलने पर एडीसीपी सुरिंदर लांबा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुमित सूद, बृजभूषण के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल होटल पहुंचा। इसके बाद छानबीन शुरू की गई।
पुलिस टीम ने होटल पहुंचते ही गॉर्डों के वॉकी-टॉकी कब्जे में ले लिए। इसके बाद पांचवीं मंजिल पर बने रिसेप्शन पर पुलिस तैनात कर दिया गया। वहां मौजूद गार्ड से लिफ्ट का कार्ड लेकर पुलिस टीम आठवीं मंजिल पर पहुंची। टीम वहां पहुंची और कमरा नंबर 833 से 32 आरोपियों को जुआ खेलने के आरोप में पकड़ा। देर रात तक पुलिस की जांच चलती रही। वहीं आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। एडीसीपी लांबा के बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि होटल की आठवीं मंजिल के एक कमरे में नामी-गिरामी प्रॉपर्टी डीलर जुए का रैकेट चला रहे हैं। जिसके बाद पूरी तरह से तैयारी करके रेड की गई। अभी तक पुलिस ने पकड़े गए किसी भी कारोबारी के नाम का खुलासा नहीं किया है।
