दिल्ली : पुलिस ने स्नैचिंग की दुनिया के कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। उस पर स्नैचिंग के करीब 150 मामले दर्ज़ थे। वहीं अब पुलिस ने दावा किया है कि शातिर स्नैचर की गिरफ्तारी के बाद 120 मामले सुलझा लिए गए है। दिल्ली पुलिस ने जिस शख्स को गिरफ्तार किया है, उसका नाम है विक्रम खड्डा, जो जुर्म की दुनिया को कुख्यात है। आरोपी पर लूटपाट, झपटमारी, मोबाइल स्नैचिंग जैसी दो या चार नहीं बल्कि 150 से ज्यादा वारदात अंजाम देने का आरोप है। विक्रम खड्डा की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी। और आखिरकार रोहिणी जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इसे रोहिणी के ही विजय विहार इलाके में गिरफ्तार कर लिया।
विक्रम और उसका गैंग दिल्ली समेत गुरूग्राम व आसपास के इलाके में भी आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 3 बाइक, 5 सोने की चेन, एक कट्टा और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस ने इसके साथ साथ एक ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया है। संभावना जताई जा रही है कि गिरफ्तार ज्वेलर के पास ही आरोपी और उसके गैंग के सदस्य लूटे गए चेन बेचते थे। हालांकि अभी तक पुलिस इस मामले पर कुछ भी नहीं बोल रही है। पुलिस ने विक्रम की गिरफ्तारी के बाद कुछ चैन की सांस ली है और उसकी गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी मान रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद गिरोह के बाकी सदस्य भी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
