दिल्लीः GST का काउंटडाउन शुरू हो गया है. आज रात 12 बजे के बाद देश को अनगिनत टैक्स से आजादी मिल जाएगी. संसद में GST के लॉन्च की जबरदस्त तैयारी की गई है. संसद को दुल्हन की तरह सजाया गया है. सेंट्रल हॉल में GST पर आज आधी रात को ठीक वैसा ही भव्य आयोजन होने वाला है जैसा 15 अगस्त 1947 की आधी रात को हुआ था। संसद के सेंट्रल हॉल में ठीक रात 11 बजे एक देश एक टैक्स यानि GST को लागू करने वाला कार्यक्रम शुरू होगा और ये रात 12 बजकर 10 मिनट तक चलेगा. इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा. इसके बाद रात के 12 बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी एक घंटे को बजाकर देशभर में GST के लागू होने का ऐलान करेंगे.
कांग्रेस और आरजेडी समेत ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने GST लॉन्च पर होने वाले कार्यक्रम में ना जाने का फैसला किया है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसका विरोध करते हुए कह चुकी हैं कि उनकी पार्टी टीएमसी इसमें शामिल नहीं होगी. वहीं बिहार में महागठबंधन में शामिल नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू इस कार्यक्रम में शामिल होगी.
