अब बारिश में नहीं भींगेगा बहनों का प्यार

चंडीगढ़ : सावन का महीना अब ढलान पर है। सावन शिव का महीना है और सावन से बारिश का भी जुड़ाव है। सावन में रिमझिम…

चंडीगढ़ : सावन का महीना अब ढलान पर है। सावन शिव का महीना है और सावन से बारिश का भी जुड़ाव है। सावन में रिमझिम फुहारों के बीच पेड़ों पर झूला झूलती बहनें हंसी-ठिठोली भी तो करती है। ओह, सावन तो भाई-बहन के अप्रतिम स्नेह का भी महीना है, आखिर इसी महीने में तो भाई-बहन के अनन्य स्नेह का त्योहार रक्षा बंधन मनाया जाता है। जब बहनें भाईयों के हाथों पर रक्षा के संकल्प का सूत्र बांधती हैं तो सदियों से चली आ रही परंपरा और भी मजबूत हो जाती है। भाई कहीं भी रहे वो बहनों के पास राखी बंधवाने पहुंच ही जाता है। यही तो अहसास है इस त्योहार का, बहन की एक पुकार पर भाई मीलों दूर का सफर तय करने से नहीं हिचकिचाते। लेकिन कई भाई ऐसे रहते हैं जो बहनों के पास नहीं आ पाते। और कहीं बहन भाईयों से दूर रह जाती है। इसके लिए बहनें पोस्ट ऑफिस का सहारा लेती हैं। इस बार पोस्ट ऑफिस में भी तैयारियां की गई हैं ताकि बहनें आसानी से राखी भेज सकें। वहीं बहनों की भेजी गई राखियां इस बार बारिश में नहीं भींगेगी। आखिर भारतीय डाक विभाग हमेशा से बहनों की भावनाओं का कद्र जो करता आया है।

राखी के त्योहार में कई बहनें ऐसी होती हैं जो डाक से भाईयों के पास राखी भेजती हैं। अक्सर बारिश के कारण कई राखियां भींगकर बर्बाद हो जाती हैं। इससे निजात दिलाने के लिए डाक विभाग ने एक नई तरह के लिफाफे को शुरू किया है। ऐसा खास लिफाफा तैयार किया गया है जो बारिश में भी नहीं भींगता है। बारिश के कारण भी लिफाफे पर किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। राखी को ध्यान में रखते हुए लिफाफे पर आकर्षक डिजाइन भी बनाए गए हैं। चंडीगढ़ पोस्ट ऑफिस की सीनियर सुपरिटेंडेंट पोस्ट ऑफिसर राधिका धीर ने बताया कि लिफाफों पर दस से लेकर 25 रूपये तक के टिकट लगाए गए हैं। बस आपको लिफाफे को खरीदकर उसमें मनपसंद राखी डालनी है और भाई के पते पर भेज देना है। इसके साथ ही पोस्ट ऑफिसों में राखी मेल की सुविधा भी दी गई है ताकि समय से राखी को पते तक पहुंचाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *