जिस तरह से आधार कार्ड की अनिवार्यता बढ़ती जा रही है, उससे साफ जाहिर है कि अगर आपके पास आधार कार्ड नहीं है तो जल्द से जल्द बनवा लें। लेकिन आधार कार्ड होने के बाद भी उसमें जरा सी भी अशुद्धि लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन जाती है। अब आधार कार्ड में किसी तरह की अशुद्धि हो गई है तो आपको उसे ठीक करवाने के लिए निजी केंद्रों में जाने की जरूरत नहीं है। बस आप पोस्ट ऑफिस आकर आधार कार्ड में शुद्धिकरण करवा सकते हैं।
निजी केंद्रों की जगह आम लोग सरकारी पोस्ट ऑफिस में भी आधार कार्ड शुद्धिकरण का कार्य किया जाएगा। शुक्रवार को संगरूर में इसका शुभारंभ डिप्टी कमिश्नर अमर प्रताप सिंह ने किया। इसके साथ ही सुनाम, भवानीगढ़ के डाकघरों में भी इस सेवा की शुरूआत हो गई है।
पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड शुद्धिकरण सेवा के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य डाकघर के सुपरिटेन्डेन्ट कृष्ण शर्मा ने बताया कि विभिन्न सेवाओं और सरकारी लाभ लेने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता बढ़ती जा रही है। इसलिए पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड शुद्घिकरण का कार्य शुरू कराया गया है। वहीं पोस्ट ऑफिस में शुद्धिकरण सेवा की शुरूआत से लोगों में भी खुशी देखी जा रही है
गांवों में आधार कार्ड में गलती को सुधारने के लिए ग्राहक सेवा केंद्र की स्थापना की गई, लेकिन इससे अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं इन केंद्रों में कई तरह की अनियमितता भी देखने को मिलती है। पोस्ट ऑफिस में इस सेवा के शुरू हो जाने के बाद आने वाले दिनों में लोगों को सहूलियत होगी।
