कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा के लिए बुधवार सुबह श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू से पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने जम्मू बेस शिविर से अमरनाथ यात्रा के पहले बैच को करीब सुबह साढ़े चार बजे झंडी दिखाई। बता दें कि पवित्र गुफा में शिवलिंग के पहले दर्शन 29 जून को होंगे। पहले दिन राज्यपाल एनएन वोहरा, अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ उमंग नरूला व अन्य अधिकारियों के साथ पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना करेंगे। जम्मू में यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर में देशभर से श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा चालीस दिन की है। यात्रा रक्षा बंधन वाले दिन सात अगस्त को संपन्न होगी।

बाबा अमरनाथ यात्रा के दौरान आतंकी हमले और प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पुलिस, अर्द्ध सैनिक बल और सेना ने सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं। बालटाल व पहलगाम मार्गो पर कंट्रोल रूप स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बने शिविरों के चारों ओर कंटीले तार लगाकर किलाबंदी की गई हैं, ताकि कोई शिविर के भीतर प्रवेश नहीं कर पाए। श्रद्धालुओं के शिविरों के आसपास चौबीसों घंटे शार्प शूटर तैनात किए गए हैं।
वहां वाच टावर स्थापित किए गए हैं। यात्रा मार्ग के दोनों रूटों में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से सुबह और शाम में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर राज्य पुलिस के अलावा सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस, सशस्त्र सीमा बल की विशेष कंपनियों को तैनात किया गया है।
हर-हर महादेव के जयकारों के साथ अमरनाथ यात्रा शुरू
कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा के लिए बुधवार सुबह श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू से पहलगाम व बालटाल के लिए…
