बहादुरगढ़ : जींद कोर्ट परिसर में एक युवक की गोली मारकर हत्या के आरोपी चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। दरअसल, हाई अलर्ट को देखते हुए बुधवार को पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चला रखा था। इसी दौरान सेंट्रो कार पर सवार होकर बदमाश सेक्टर 9 के मोड़ पर पहुंचे। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही नाका तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक 315 बोर की पिस्तौल बरामद किया है। डीएसपी भगत राम ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने 10 जुलाई को जींद कोर्ट परिसर में सुमेर नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद चारों आरोपी फरार चल रहे थे। डीएसपी ने बताया कि पांच बदमाश सेंट्रो कार से पुलिस नाके को तोड़कर भाग रहे थे, जिनमें से चार को पकड़ लिया गया। जबकि एक बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाशों में से एक राकेश उर्फ मिढा को हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा भी हो चुकी है, फिलहाल वो जमानत पर चल रहा है। शुरूआती पूछताछ में बदमाशों ने हत्या, लूट, लूट के प्रयास के अलावा कई आपराधिक वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है।
