बारिश नहीं हुई तो शुरू हो सकती बिजली की कटौती!

चंडीगढ़ : पंजाब में पड़ रही गर्मी ने एक बार फिर बिजली निगम के हाथ-पांव फुला दिए हैं। गर्मी के कारण बढ़ती डिमांड को देखकर बिजली…

चंडीगढ़ : पंजाब में पड़ रही गर्मी ने एक बार फिर बिजली निगम के हाथ-पांव फुला दिए हैं। गर्मी के कारण बढ़ती डिमांड को देखकर बिजली निगम के अधिकारी यह सोचने को मजबूर हैं कि आखिर लगातार बिजली की डिमांड इतनी क्यों बढ़ रही है। उधर संकट की स्थिति को देखते हुए बिजली निगम ने पूरे पंजाब में हर छोटे और बड़े अधिकारी को अपना स्टेशन न छोडऩे के हुक्म जारी कर दिए हैं। पंजाब में बिजली की डिमांड 2550 लाख यूनिट के पार जा पहुंची है। जिस कारण बिजली निगम को हर रोज 72 करोड़ रुपए की बिजली बाहर से खरीदनी पड़ रही है। उधर मौसम विभाग भी बिजली निगम के लिए बहुत कारगर सिद्ध नहीं हो रहा है। मौसम विभाग हर दूसरे दिन बारिश होने की भविष्यवाणी कर रहा है, परंतु हैरानी की बात है कि पंजाब में इक्का-दुक्का स्थानों को छोड़ अन्य जगहों पर बारिश नहीं हो रही है। बिजली निगम ने अपने प्लांटों के आधा दर्जन के करीब यूनिट चला दिए हैं और बीबीएमबी से भी बिजली निगम को 160 लाख यूनिट का पूरा शेयर मिल रहा है। यदि आने वाले दिनों में पंजाब में बारिश नहीं हुई तो पंजाब के लोगों को बिजली कटौती का सामना भी करना पड़ सकता है।

बढ़ते जलस्तर ने भी बढ़ाई परेशानी

दूसरी और भाखड़ा डैम में बढ़ता जल स्तर भी बिजली निगम के लिए परेशानियों का कारण बन रहा है। भाखड़ा डैम में पानी का लेवल पिछले साल की अपेक्षा 18 फुट बढ़ा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश ने भाखड़ा डैम मैनेजमैंट की परेशानियों को बढ़ा दिया है। पिछले साल 24 जुलाई को भाखड़ा डैम में पानी का लेवल 1590 फुट था, जो इस साल बढ़कर 1608 फुट पर पहुंच गया है। इसी तरह बिजली का बड़ा स्रोत पौंग डैम में भी पानी का लेवल अचानक अधिक हो चुका है। इस डैम में बीते साल 24 जुलाई को पानी का लेवल 1308 फुट था और इस साल पानी का लेवल 1331 फुट पर जा पहुंचा है। इसी तरह आरएसडी डैम का जलस्तर भी पिछले साल की तुलना में 17 मीटर ऊपर चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *