Chandigarh : हरियाणा के यमुनानगर में लोगों को अपने हुस्न के जाल में फंसाकर लाखों रुपए ऐंठने वाली एक महिला अपने गिरोह के साथ पुलिस की गिरफ्त में आई है। ‘बाबू जी धीरे चलना, जरा सम्भलना, बड़े धोखे हैं इस प्यार में’ इस गाने की पंक्तिया यमुनानगर पुलिस की गिरफ्त में अपने गिरोह के साथ आई परमजीत कौर पर सही बैठती है। परमजीत अपने पति के साथ मिलकर इस करतूत को अंजाम दे रही थी। पहले वो अपने हुस्न के जाल में लोगो को फंसाती थी, फिर शारीरिक संबंध बनाकर उसी पर रेप का मुकदमा दर्ज करवा देती थी। इसके बाद अपने साथियों के साथ शुरू कर देती थी, ब्लैकमेलिंग का वो गन्दा खेल जिसमें कई हाई-प्रोफाइल लोग फंस चुके हैं। यहां तक कि लोग अपनी इज्जत बचाने के चक्कर में लाखों रूपये भी दे रहे थे।

परमजीत की तस्वीर देखकर आसानी से समझा जा सकता है, कैसे लोग उसकी जाल में फंस जाते थे। लेकिन बिना ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए नहीं बच पाते थे। आखिर में लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने वाले खुद ही फंस गए पुलिस के जाल में। गिरफ्तार आरोपियों के बारे में एसपी राजेश कालिया ने बताया कि गिरोह की मुख्य सदस्य परमजीत कौर नाम की महिला है, जो लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। जिस मामले की जांच के दौरान इनको गिरफ्तार किया गया है, वो भी एक रेप केस ही है। गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह की करतूत सामने आई है।

एसपी ने बताया कि परमजीत ने ताजा मामले में रेप केस खत्म करने के लिए एक शख्स से 50 लाख की डिमांड की थी। जिसके बाद गिरोह के सदस्यों को पकडऩे के लिए जाल बिछाया गया। पुलिस ने शिकायत करने वाले का परिचित बनाकर एक शख्स को 2 लाख रुपए देकर इनके पास भेजा, जिसमें चारों फंस गए। एसपी की मानें तो गैंग कई लोगों को जाल में फंसाकर अपना शिकार बना चुका है। इसमें कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। हालांकि एसपी का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद कौन-कौन ठगे गए हैं, उनका खुलासा हो सकेगा। परमजीत अपने पति राजिंदर और दो और अन्य साथियों के साथ मिलकर कई लोगों के लिए हनी ट्रैप बिछा चुकी है।

सूत्रों की मानें तो आम जनता से लेकर बड़े-बड़े पदों पर आसीन लोगों को भी ये निशाना बना चुके हैं। परमजीत ने लोगों को अपने हुस्न के जाल में फंसाने की शुरूआत यमुनानगर सिविल अस्पताल से की थी, जहां वो काम भी कर चुकी है। एक बात तय है कि इस गिरोह के खुलासे के बाद कई सच सामने आएं हैं। गिरोह महिला हिंसा के लिए बने कानून का गलत इस्तेमाल कर ना जाने कितने लोगों को लूट चुका है। पुलिस जांच में अभी और भी सच सामने आएंगे। लेकिन जिस तरह से ये गिरोह काम कर रहा था, उससे पुलिस के होश जरूर उड़ गए हैं।
