फाजिल्का (पंजाब) : फाजिल्का में बेखौफ अपराधियों ने बंदूक की नोंक पर आढ़ती और पूर्व सरपंच की कार और 20 हजार रूपये लूट लिए। वहीं आढ़ती को गंभीर रूप से घायल करके फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। पंजाब पुलिस के चौकस रहने के तमाम दावों को मंगलवार को फाजिल्का में अपराधी झुठलाकर आपराधिक वारदात को अंजाम देकर बड़े आराम से फरार हो गए। दरअसल फाजिल्का जिले के सलेमशाह के पूर्व सरपंच दविन्दर पाल अपनी बहन को इलाज के लिए पीजीआई ले जाने के लिए निकले। जब वो फाजिल्का-फ़िरोज़पुर रोड के लखोके मुसाहिब के पास पहुंचे तो एक स्कॉर्पियो कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी और गाड़ी आगे खड़ी कर दी।

दविन्दर कुछ समझते की कार से तीन लोग निकले और बंदूक दिखाकर उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के बाद आरोपियों ने पूर्व सरपंच की कार, मोबाइल और दस हजार रूपये छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने काफी मिन्नतें की, लेकिन लुटेरे उसे गंभीर रूप से घायल करके लाधूका मंडी के नज़दीक चलती गाड़ी से फेँककर फ़रार हो गए। घटना में दविन्दर पाल को गंभीर चोटें आई है और उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना के बारे में पता चलने पर पुलिस ने पीड़ितों और परिवार वालों से पूछताछ की वहीं जल्द ही मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस लाख दावे कर रही है कि अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन इस घटना से लोगों के मन में पुलिस के प्रति अविश्वास ही बढ़ा है। पुलिस भले ही अपराधियों को गिरफ्तार कर ले, लेकिन लोगों के दिलों में विश्वास बढ़ाने के लिए अभी बहुत कुछ करना होगा।
