पलवल में दिनदहाड़े डॉक्टर की गोली मारकर हत्या

पलवल : बेखौफ बदमाशों ने ना सिर्फ एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया, बल्कि पुलिस को भी सीधे-सीधे चुनौती दे डाली है। यह खौफनाक वाकया सामने…

पलवल : बेखौफ बदमाशों ने ना सिर्फ एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया, बल्कि पुलिस को भी सीधे-सीधे चुनौती दे डाली है। यह खौफनाक वाकया सामने आया है पलवल के भुलवाना गांव में। जहां एक डॉक्टर सुन्दर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उस समय इस वारदात को अंजाम दिया, जब सुन्दर घर में था। इसी दौरान आरोपी मरीज दिखाने के बहाने घर में आए। हालांकि डॉक्टर ने बदमाशों के पास हथियार देख लिया तो कमरे के अंदर जाने लगे। लेकिन आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और गोली मार दी। एक गोली मारने के बाद डॉक्टर को घर से बाहर खींच लिया गया और दूसरी गोली मारकर आरोपी फरार हो गए।

गोली लगने के साथ ही डॉक्टर ने दम तोड़ दिया। वहीं परिजन बदहवास हो गए। घरवालों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर किसने सुन्दर की हत्या की। वहीं घटना के बाद समूचे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वाले पुलिस को कोस रहे हैं कि उनके कारण ही इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। मृतक की पत्नी रजनी देवी ने बताया कि घर में ही क्लीनिक बना है। उनका पति क्लीनिक में ही था, तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और उसके पति से कहा कि एक मरीज को देखना है। इसी दौरान सुन्दर को गोली मारकर सभी फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी के बयान पर तीन नामजद विष्णु, सुनील, गुड्डू समेत छह लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कह रही है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  इस घटना ने साफ कर दिया है कि बदमाशों के दिल में पुलिस का जरा भी भय नहीं है। अगर होता तो आज सुन्दर जिंदा होता। शुरूआती तफ्तीश में पुलिस का कहना है कि घटना आपसी रंजिश के कारण हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *