Chandigarh : अमृतसर में एक नाबालिग लड़की के दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसको लेकर पीड़िता ने थाने में मामला दर्ज कराकर इंसाफ की गुहार लगाई है। लड़की ने बताया कि कुछ दिनों पहले वो कॉलेज में दाखिला लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान एक परिचित लड़का मिला और कार से कॉलेज छोड़ने की बात कहकर बिठा लिया। कार में बैठने के बाद उसने लड़की को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। लड़की जब बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसकी इज्जत लूट ली और एक मेडिकल स्टोर के बाहर फेंककर फरार हो गया।
वहीं लड़की की मां ने बताया कि जब उनकी बेटी घर आई तो सारे मामले की जानकारी दी। इसके बाद घरवाले थाने गए और लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कराया। लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तारी करने से कतरा रही है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना का आरोपी पुलिस को पैसे देकर मामला रफा-दफा कराना चाह रहा है। लड़की की मां की मानें तो इलाके के विधायक जरूरतमंदों को इंसाफ दिलाने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अभी तक उनकी नजर उनकी बेटी पर नहीं पड़ी है। पीड़िता की मां ने मांग की है कि आरोपी को गिरफ्तार करके कड़ी सजा दी जाए।
इस मामले में पुलिस का अपना तर्क है, पुलिस ने माना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। लेकिन जहां तक मामले को रफा-दफा करने की बात है, इससे पुलिस इंकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भले ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का दावा करे। लेकिन जिस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे साफ जाहिर है कि अपना सबकुछ खो चुकी एक नाबालिग को न्याय दिलाने में पुलिस अभी तक असफल ही रही है।

