न्यूज डेस्क/ लिविंग इंडिया : पंजाब सरकार दावा करती है पर्यावरण संरक्षण का, लेकिन उनकी पार्टी के नेता ही सरकार के दावों की हवा निकालने में जुटे हुए हैं। इस बार अमृतसर से एक तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि जिस हिसाब से पेड़ काटे जा रहे हैं, उससे क्या पंजाब सरकार का पर्यावरण संरक्षण का दावा हकीकत में तब्दील हो सकेगा।
दरअसल, अमृतसर के ट्रिलियम मॉल के पीछे कांग्रेस नेता सुनील दत्ती दशहरे के मेले का आयोजन कर रहे हैं। इसको लेकर तैयारियां भी की जा रही है। अब मैदान में पेड़ हुए तो क्या, तैयारी के नाम पर दो दर्जन पेड़ों को काट दिया गया। दूसरी तरफ पार्टी के नेता इसे दशहरे मेले को लेकर की जा रही सफाई के रूप में देख रहे हैं। सो, दिन-रात सफाई की जा रही है।
आपको बता दें कि अमृतसर में BRTS प्रोजेक्ट के नाम पर भी पहले ही सैकड़ों पेड़ काटे गए थे। जिनकी भरपाई आज तक नहीं हो सकी है। BRTS तो पहले ही फेल हो चुका है, बावजूद सरकार ने इससे सबक नहीं लिया। एक बार फिर पेड़ काटे जा रहे हैं, दशहरे के मेले की तैयारी परवान पर है। लेकिन ना तो सरकार ही बेजुबान पेड़ों का दर्द समझ रही और ना ही पार्टी के नेता।


