पानीपत (हरियाणा) : हरियाणा में अपराधी इस कदर निडर हैं कि वो जेल की दीवारों से भी वारदात को अंजाम देने में नहीं चूक रहे हैं। पिछले दिनों राकेश की हत्या की स्क्रिप्ट भी जेल के अंदर से लिखी गई और इशारा मिलते ही बाहर राकेश को गोलियों से छलनी कर दिया गया। पिछले दिनों पानीपत के तहसील कैम्प में हुए राकेश हत्याकांड में शामिल अपराधियों का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। राकेश की हत्या की सारी प्लानिंग जेल के अंदर से की गई। बाकायदा पूरी तैयारी के साथ राकेश पर हमला करके उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस की मानें तो राकेश की हत्या गैंगवार के कारण हुई। जिसकी सारी प्लानिंग जेल में बंद प्रसन्न उर्फ लम्बू ने की। राकेश को रास्ते से हटाने का जिम्मा राहुल को दिया गया था। और राहुल ने ही राकेश पर पहली गोली चलाई थी। पुलिस ने राहुल, गगन और विजय उर्फ बबलू को गिरफ्तार करने के बाद ये दावा किया है। दरअसल तीनों को पानीपत से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस को राकेश हत्याकांड से परदा उठाया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच देसी कट्टे, 17 जिंदा कारतूस भी जब्त किए। पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रिफाइनरी रोड पर कुछ अपराधी लूट की योजना बना रही हैं। जिसके बाद एक टीम गठित करके छापामारी की गई। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने राहुल समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों ने पूछताछ में पुलिस को राकेश हत्याकांड के बारे में विस्तार से बताया। राहुल ने ही पुलिस को बताया कि जेल में बंद प्रसन्न उर्फ लम्बू के कहने पर राकेश की हत्या कर दी गई। गिरफ्तार अपराधियों पर पहले से ही कई मामले चल रहे हैं।
