खडूर साहिब में सियासी अखाड़ा, सुखबीर बादल ने समूची कांग्रेस को घेरा

तरनतारनः छपार मेले के बाद तरनतारन के खडूर साहिब में सियासत का अखाड़ा लगा। हालांकि अवसर धार्मिक था, दूसरे गुरु अंगद देव जी का गुरता…

तरनतारनः छपार मेले के बाद तरनतारन के खडूर साहिब में सियासत का अखाड़ा लगा। हालांकि अवसर धार्मिक था, दूसरे गुरु अंगद देव जी का गुरता गद्दी दिवस मनाया जा रहा था लेकिन जब सियासी मंच लगा तो राजनीति की बातें तो लाज़मी थी। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी होना ही था। पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब सरकार समेत समूची कांग्रेस को घेरा। उन्होंने एसवाईएल विवाद के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को जिम्मेदार बताया और राहुल गांधी पर पंजाब को नशे के नाम पर बदनाम करने का आरोप लगाया। यहीं नहीं सुखबीर बादल ने कांग्रेस पर सिख कौम को ही बदनाम करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पंजाब के लोगों से माफी मांगे

सुखबीर बादल ने कैप्टन सरकार की रोजगार योजना जिसके तहत रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं, उस योजना को महज ड्रामा करार दिया। सुखबीर ने युवाओं को नौकरी देने के वादे को लेकर कैप्टन अमरिंदर पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर कैप्टन अपने घर में किसी को नौकरी पर रखते हैं तो उसे भी पंजाब सरकार की उपलब्धि बताएंगे।

कैप्टन सरकार ने पिछली सरकार को योजनाओं को भले ही जांच का हवाला देकर बंद किया हो लेकिन विरोधी दल इस एक्शन को जनता विरोधी बताता है। सुखबीर बादल ने अपने बयान को दोहराते हुए कहा कि पंजाब की कांग्रेस जनता के लिए कुछ नहीं कर पाई और जो उनकी सरकार ने किया, उसे भी बंद किया जा रहा है।

कैप्टन सरकार को 6 महीने पूरे होने वाले हैं, जिस तरह से उन्होंने चुनाव के दौरान वादे किए थे, वो योजनाएं शुरु तो हुई लेकिन उनका जनता को लाभ मिलता नजर नहीं आ रहा। जिससे विरोधी दल लगातार कैप्टन सरकार को घेर रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों में कांग्रेसी नेताओं की गैर मौजूदगी भी विपक्ष को निशाने साधने के और मौके दे देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *