गुरूग्राम, 13 अक्टूबर
गुरुग्राम के पटौदी रोड पर खवासपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल अमित यादव की बुलेट बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर काफी देर तक तड़पते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय उनके वीडियो बनाते रहे। जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ड्यूटी से घर लौटते पुलिसकर्मी की मौत
32 वर्षीय अमित यादव मूल रूप से गुरुग्राम के बासलांबी गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में दिल्ली के कल्याणपुरी थाने में तैनात थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा में लगी हुई थी। रविवार रात को ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी और दोनों बेटियों से फोन पर बातचीत की थी और सोमवार सुबह हर हाल में घर लौटने का वादा किया था, लेकिन इस दुखद हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।
इंसानियत हुई शर्मसार, लोग बनाते रहे वीडियो
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में कॉन्स्टेबल सड़क पर लहूलुहान हालत में संघर्ष करते दिखाई दिए, जबकि आसपास खड़े लोग केवल मूकदर्शक बनकर वीडियो बनाते रहे। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार और उनके पैतृक गांव बासलांबी में शोक की लहर दौड़ गई है।
अन्य खबरें जानें –
ਕਪੂਰਥਲਾ ਵਿੱਚ ਭਿਆਨਕ ਸੜਕ ਹਾਦਸੇ ਵਿੱਚ ਮੋਟਰਸਾਈਕਲ ਸਵਾਰ ਨੌਜਵਾਨ ਦੀ ਮੌਤ, ਦੋ ਜ਼ਖ਼ਮੀ



