Manali Drugs Arrest:
हिमाचल की पर्यटन नगरी मनाली में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस थाना मनाली के अंतर्गत गोम्पा रोड के समीप स्थित होटल वीर विल्ला के एक कमरे से 39.650 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते कल छह फरवरी को थाना मनाली की टीम ने होटल वीर विल्ला में तलाशी अभियान चलाया।
तस्करअमृतसर और जालंधर से-
तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद 31 वर्षीय उपेंद्र जीत सिंह निवासी गांव मोहल्ला वाहरली आबादी, झंडियाला मंजकी, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर (पंजाब) और 25 वर्षीय बलकार सिंह निवासी गांव नजद माता गंगा जी गुरुद्वारा, बेरका बाईपास, विजयनगर, अमृतसर से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद किया गया। बरामद नशे की मात्रा को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इस संबंध में थाना मनाली में छह फरवरी को धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस-
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पर्यटन स्थल की आड़ में नशे के कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में संभावित नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कैशल ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पर्यटन स्थलों को नशा मुक्त बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
By- Anil Thakur
अन्य ख़बरें जानें-
ਹਾਲੀਵੁੱਡ ਅਦਾਕਾਰਾ ਹੈਲੀ ਬੇਰੀ ਚੌਥੀ ਵਾਰ ਚੜ੍ਹੇਗੀ ਵਿਆਹ ਦੇ ਮੰਡਪ: ਵੈਨ ਹੰਟ ਨਾਲ ਮੰਗਣੀ ਦੀ ਕੀਤੀ ਪੁਸ਼ਟੀ



