Salman Khan Death Threat : अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति गुजरात के वडोदरा जिले के एक गांव में पाया गया है और वह मानसिक रूप से बीमार है.
पुलिस ने बताया कि अभिनेता को धमकी देने वाला 26 वर्षीय व्यक्ति वाघोडिया तालुका का निवासी है. यह व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है.
रविवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर एक मैसेज आया, जिसमें भेजने वाले ने सलमान खान की कार को बम से उड़ाने और उनके वाई प्लस सुरक्षा वाले घर में घुसकर हमला करने की धमकी दी.
इसके बाद, मुंबई की वर्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 351(2)(3) (आपराधिक धमकी) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया और बांद्रा इलाके में खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी.
जिला पुलिस अधीक्षक रोहन आनंद ने संवाददाताओं को बताया कि जांच के बाद मुंबई पुलिस को पता चला कि धमकी भरा संदेश वडोदरा के वाघोडिया तालुका में रहने वाले एक व्यक्ति ने भेजा था.
आनंद ने कहा, “मुंबई पुलिस की एक टीम वाघोडिया पुलिस के साथ सोमवार को एक गांव में संदिग्ध के घर पहुंची. तब पता चला कि संदेश भेजने वाला 26 वर्षीय व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार था और उसका इलाज भी चल रहा था”
अभीनेता को इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से धमकियां मिली थीं, जिसमें उन्हें चेतावनी दी गई थी कि यदि उन्होंने काले हिरण की कथित हत्या के लिए बिश्नोई समुदाय से माफी नहीं मांगी तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. इन धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें वाई प्लस सुरक्षा मुहैया कराई.
पिछले वर्ष गोलीबारी की घटना के कुछ सप्ताह बाद, नवी मुंबई पुलिस ने दावा किया था कि उन्होंने बिश्नोई गिरोह द्वारा खान की हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह ने सलमान खान को मुंबई के पास पनवेल स्थित उनके फार्महाउस पर आने के दौरान मारने की साजिश रची थी.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



