Panipat CRPF Jawan to Death:
पानीपत की भारती कॉलोनी में शुक्रवार को एक खूनी संघर्ष की वारदात सामने आई। इसके बाद आस-पास के इलाके में सनसनी फैल गई। CRPF के एक पूर्व जवान अमित की उनके पड़ोसियों ने बेरहमी से पिटाई कर मार डाला। पूरी घटना गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। इसमें आरोपी अमित के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एकजुट होकर पड़ोसी निहत्थे और शारीरिक रूप से कमजोर अमित पर टूटे
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमित CRPF में तैनात था, लेकिन लकवाग्रस्त हो जाने के कारण उसने कुछ समय पहले नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। शुक्रवार को घर के बाहर गली में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। अमित ने बच्चों को वहां से हटकर एक तरफ खेलने को कहा। बस इसी बात से नाराज होकर बच्चों के परिजन मौके पर पहुंच गए और अमित के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। सामने आए सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह पड़ोसी एकजुट होकर निहत्थे और शारीरिक रूप से कमजोर अमित पर टूट पड़े। आरोपियों ने उसे तब तक पीटा, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। मारपीट के बाद अमित की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमित की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अमित अपनी बीमारी के कारण पहले ही परेशान था और पड़ोसियों ने मामूली बात पर उसकी जान ले ली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।
अन्य ख़बरें जानें-
Ambala Rain: अंबाला में तेज आंधी और बारिश के चलते किसानों को परेशानी
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



