Kanpur Lamborghini Accident:
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने पैदल चलने वालों टक्कर मार दी. इस दौरान तेज रफ्तार गाड़ी ने कारों को भी टक्कर मारी. जानकारी के अनुसार, कार तंबाकू के बड़े कारोबारी केके मिश्रा का बेटा चला रहा था. यह घटना रविवार दोपहर की है. इस हादसे में छह लोग जख्मी हुए है. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार जब्त कर ली. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार चला रहे शिवम मिश्रा ने शराब पी रखी थी. वह कानपुर की सड़कों पर तेज रफ्तार में कार चला रहे थे.
अज्ञात के खिलाफ एफआईआर पर बबाल-
इस मामले की शुरुआत में पुलिस द्वारा ड्राइवर का नाम “अज्ञात” बताते हुए FIR दर्ज करने के बाद विवाद खड़ा हो गया था. वहीं, अब इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसमें केस पेपर्स में शिवम मिश्रा का नाम शामिल किया गया है. पुलिस के मुताबिक, शिवम मिश्रा Rev-3 मॉल के पास दोपहर करीब 3.15 बजे कार चला रहे थे. तभी उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी. जिसकी वजह से इलाके में हलचल मच गई.
कार, बाइक और ऑटो को मारी टक्कर-
चश्मदीदों के मुताबिक, कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर एक वहां खड़ी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल से टकरा गई. बाइक के पास खड़ा युवक करीब 10 फीट हवा में उछल गया. इसकी वजह से उसके पैर में गंभीर चोट लगी है. कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और उसे कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई. फिर एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई.
मौके सा भागने की कोशिश-
घायलों में से एक, तौफीक अहमद कई मीटर दूर जा गिरे और उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं. टक्कर के बाद कार रोकने के बजाय, मिश्रा ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की. मिश्रा के बाउंसर, जो दूसरी कार में उनका पीछा कर रहे थे, उन्होंने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे. उन्होंने कथित तौर पर जनता के साथ बदतमीजी की. गुस्साए राहगीरों ने लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो की खिड़कियां तोड़ दीं और मिश्रा को बाहर खींच लिया. इस घटना के बाद आखिरकार पुलिस मौके पर पहुंची और मिश्रा को भीड़ से बचाया और उन्हें और दूसरे घायलों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया.



