Israeli- Iran War:
इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मोहम्मद अला एयरबेस पर मिसाइलों से हुए हमले में वायुसेना का एक विमान नष्ट हो गया है. यह हमला सोमवार तड़के बग़दाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुआ. इस हमले में किसी के घायल होने या मारे जाने की ख़बर नहीं है. इसके अलावा इसराइली सेना का कहना है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं. सोमवार सुबह की तस्वीरों में बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों से धुआँ उठता दिख दिया. इसराइली सेना (आईडीएफ़) का कहना है कि वह ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह के “आतंकवादी ठिकानों” को निशाना बना रहा है.
ड्रोन हमले को किया नाकाम
इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर जारी अपडेट में इस हमले को “सैन्य ठिकानों और उसकी रक्षा क्षमता को निशाना बनाने वाला कायरतापूर्ण और आपराधिक कृत्य” बताया है और इसकी निंदा की है. इससे पहले सोमवार सुबह, सीरियाई अरब सेना ने कहा कि उसने इराक़ी सीमा के पास अपने कई सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हुए ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया है. यह जानकारी देश की सरकारी समाचार एजेंसी ने दी. सेना के ऑपरेशंस कमांड ने सरकारी समाचार एजेंसी सना को बताया कि ज़्यादातर ड्रोन को रोक लिया गया और मार गिराया गया.
छह सैनिक घायल
लेबनानी मीडिया ने भी दक्षिणी बेरूत में इसराइली हमलों की ख़बर दी है. इससे पहले आईडीएफ़ ने बताया था कि लेबनान में अलग-अलग घटनाओं में उसके छह सैनिक घायल हुए हैं. आईडीएफ़ के मुताबिक़, दक्षिणी लेबनान में शनिवार दोपहर एक एंटी-टैंक मिसाइल दागे जाने के बाद दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए. इसराइली सेना का कहना है कि तीन अन्य सैनिक उनके नज़दीक एक ड्रोन गिरने से घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है. इसके अलावा एक और सैनिक “ऑपरेशनल एक्सीडेंट” में घायल हुआ. सभी सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया है. अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर पूरे क्षेत्र पर पड़ रहा है, जिसके कारण लेबनान में दस लाख से ज़्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं.
अन्य ख़बरें जानें-
Rupee Hits Record Low: भारतीय बाजार में मचा कोहराम, रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



