Breaking News: मध्य प्रदेश के खरगोन में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अब सिर्फ उज्ज्वला योजना वाले लोगों को ही नहीं बल्कि गैर-उज्ज्वला योजना वाले लोगों को भी घरेलू गैस सिलेंडर हमेशा 450 रुपये में मिलेगा. इसके लिए वे एक सूची तैयार कर रहे हैं. दरअसल, बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा शनिवार को जिले के बड़वाह विधानसभा के सनावद पहुंची. इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए. यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. इसके बाद सीएम शिवराज, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, खरगोन से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, खंडवा से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, बड़वाह से विधायक सचिन बिड़ला समेत कई अन्य नेता भी रथ पर सवार हुए और रोड शो किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वंचित लोगों को लाभ दिया जायेगा. साथ ही 60 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्र और छात्राओं को लैपटॉप दिया जाएगा. प्रत्येक स्कूल के तीन बच्चों को एक स्कूटी भी दी जाएगी. पूर्व सीएम कमल नाथ पर हमला बोलते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि गरीब बहनों से जुड़ी वो सारी योजनाएं भी शुरू कर दी गई हैं, जो कमल नाथ सरकार ने छीन ली थीं. तीर्थयात्रा बंद हो गई थी. अब हम हवाई यात्रा उपलब्ध करा रहे हैं.
