Moosewala Case Accused Goldy Brar Deport:
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के प्रमुख आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ समेत कई अन्य गैंगस्टरों को कनाडा से डिपोर्ट करने की तैयारी चल रही है। कनाडा सरकार ने अवैध तरीके या रिफ्यूजी बनकर रहने वाले गैंगस्टरों को डिपोर्ट करने की मुहिम शुरू की है। इसके लिए कनाडा में रंगदारी व फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने वालों का सर्वे किया जा रहा है।
कनेडियन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने अलग-अलग देशों के 296 गैंगस्टरों की सूची तैयार की है। इनमें से 32 गैंगस्टरों को इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड ऑफ कनाडा ने डिपोर्ट के आदेश भी दे दिए हैं।
हालांकि, CBSA ने अभी तक डिपोर्ट किए जाने वाले गैंगस्टरों की सूची सार्वजनिक नहीं की। कनाडा सरकार ने गैंगस्टरों को डिपोर्ट करने में सख्ती दिखाई तो गोल्डी बराड़, अर्शदीप डल्ला समेत कई गैंगस्टर भारत आ जाएंगे और पंजाब पुलिस उन्हें अलग-अलग केसों में गिरफ्तार कर सकेगी।
गैंगस्टरों के निशाने पर पंजाबी कारोबारी
कनाडा में गैंगस्टरों के निशाने पर पंजाबी कारोबारी सबसे ज्यादा हैं। कनाडा के सरे शहर की पुलिस को पंजाबी में एडवाजरी जारी करनी पड़ी, ताकि सभी लोग रंगादारी मांगने वालों से बचने के बारे में जागरूक हो सकें। गैंगस्टर पहले फोन कॉल्स से रंगदारी मांगते हैं और अगर वह रंगदारी नहीं देते तो फिर उनके घरों पर जाकर फायरिंग करते हैं।
खालिस्तान समर्थकों पर भी लगे आरोप
कनाडा में रहने वाले खालिस्तान समर्थकों पर भी रंगदारी मांगने व फायरिंग करने के आरोप लगते रहे हैं। हाल ही में कनाडा के सरे में तीन खालिस्तान समर्थकों को रंगदारी व फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
विपक्ष के नेता ने कनाडा की संसद में क्या कहा
कानून में संशोधन की मांग: विपक्ष ने सरकार से मांग की है कि जो भी गैंगस्टर रंगदारी मांगता है या अन्य वारदात करता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। फर्जी शरणार्थियाें को कनाडा से बाहर निकालने के लिए कानून बनाया जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर कानून में संसोधन भी किया जाए।



