Karnal Fire:
करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी में स्थित होलसेल करियाणा की सबसे पुरानी दुकान में शनिवार को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान की बेसमेंट से लेकर ऊपर तक की तीनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। घटना के समय दुकान बंद थी। भीतर से उठते धुएं और लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। आग से लाखों रुपए के सामान के जलने का अनुमान है।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन शटर बंद होने के कारण पानी की बौछार अंदर तक नहीं पहुंच पा रही थी। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने शटर उखाड़े और अंदर घुसकर आग पर काबू पाने का काम तेज किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी परेशानी दुकान के सामने से गुजर रही बिजली लाइन के टूटने से हुई। टूटे तारों की वजह से सुरक्षा जोखिम बढ़ गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत बिजली लाइन कटवाई, जिसके बाद दोबारा पूरे दमखम के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया गया और हालात पर नियंत्रण पाया गया।



