Chandigarh:
चंडीगढ़ में चोरों ने इस बार एक पुलिसकर्मी के घर को निशाना बनाया। चोरों ने पुलिसकर्मी के घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर ली। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जसबीर सिंह चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी सेक्टर-45 पुलिस चौकी में है। उन्होंने शुक्रवार रात अपनी बुलेट मोटरसाइकिल मनीमाजरा के सुभाष नगर स्थित अपने घर के बाहर खड़ी की थी।
शनिवार तड़के उनकी ड्यूटी सुखना लेक पर आयोजित एयर शो में लगी हुई थी। जब वह सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से बाहर आए तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल वहां मौजूद नहीं थी। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। घटना के बाद जसबीर सिंह ने तुरंत आईटी पार्क थाना पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल लेकर गांव किशनगढ़ की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
अन्य ख़बरें जानें-
Ferozepur Youth Dies in Abu Dhabi: दुबई के अबू धाबी में बिजली का झटका
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



