Rewari-Hisar Suicide:
रेवाड़ी-हिसार रेल मार्ग पर रामसिंहपुरा डबल फाटक के समीप एक दर्दनाक घटना सामने आई। 28 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी (Rewari-Hisar Suicide) फैल गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान साहिल निवासी शिव कॉलोनी, वार्ड नंबर-26 के रूप में हुई है।
आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था युवक-
बताया जा रहा है कि साहिल कंकरवाली क्षेत्र में मोबाइल की दुकान चलाता था। वह पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। जांच अधिकारी अनीता यादव ने बताया कि स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दी गई थी कि रेवाड़ी से गंगानगर जा रही सवारी गाड़ी के आगे एक युवक ने आकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतक के परिजन पहले से मौजूद थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तनाव हो सकता है कारण-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या का कारण पैसों के लेन-देन से जुड़ा विवाद या मानसिक तनाव हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ते आर्थिक और मानसिक तनाव की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर परिवार और भरोसेमंद लोगों से बात करें और गलत कदम उठाने से बचें।



