Pakistan News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और 150 से अधिक घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि लाहौर और पंजाब के कई अन्य जिलों में रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही और यह सिलसिला गुरुवार तक जारी रहने की उम्मीद है.
लाहौर में रात के समय आए तूफान के कारण छत गिरने की तीन घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई. प्रवक्ता ने बताया कि शहर के थोकर नियाज बेग इलाके में हुई इस घटना में छोटी बच्चियों सहित एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल थे.
फैसलाबाद में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पाकपट्टन में एक महिला और दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई. शेखपुरा, भाकर, बहावलनगर और शाहकोट में छत गिरने से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ओकारा में दो युवकों की मौत हो गई.
इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने कहा था कि 26 जून से अब तक ऐसी घटनाओं में कुल 116 लोगों की मौत हो चुकी है. एनडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार, 116 मौतों में से 44 पंजाब में, 37 खैबर पख्तूनख्वा में, 18 सिंध में, 16 बलूचिस्तान में और एक पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में हुई.
इस बीच, पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने वर्षाजनित घटनाओं में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को उचित बचाव अभियान में सहायता करने का आदेश दिया.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



