Amreli Lions Viral video: गुजरात के अमरेली जिले के जाफराबाद तालुका के टिम्बी गांव से एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है, जिसमें 10 शेर एक साथ सड़क पार करते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिकॉर्ड किया गया है, जब शेरों का एक परिवार सड़क पार कर रहा था.
वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले शख्स ने बताया कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, क्योंकि लोग शेरों के इस दृश्य को देखना चाहते थे. गिर के जंगल के जंगली जानवर अक्सर आसपास के गांवों में आते हैं, और बरसात के मौसम में शेरों को घूमते हुए देखा जा सकता है.
शेरों के झुंड का वीडियो वायरल
बता दें कि शेर जंगल छोड़कर रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं. इस बीच इस इलाके में दो या तीन शेर नहीं बल्कि 10 शेरों का झुंड एक साथ देखा गया है. हालांकि यह पहली बार नहीं जब इस तरह का वीडियो देखने को मिला है. अमरेली जिले के ग्रामीण इलाकों में अक्सर शेरों के वीडियो वायरल होते रहते हैं.
बता दें कि भारत में शेरों की आबादी पिछले कुछ वक्त में बढ़ी है. बीते दिनों ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका जिक्र भी किया था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि गुजरात के गिर वन में एशियाई शेरों की आबादी सिर्फ पांच साल में 674 से बढ़कर 891 हो गई है और यह “बहुत उत्साहजनक” वृद्धि है.
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में किया था जिक्र
पीएम मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 122वीं कड़ी में शेरों की गणना में मिली सफलता का जिक्र किया. उन्होंने इस सफलता का श्रेय क्षेत्र के लोगों के सामूहिक प्रयासों और आधुनिक तरीकों के उपयोग को दिया. पीएम मोदी ने कहा कि शेरों की गणना में सामने आई संख्या बहुत उत्साहवर्धक है, जिसमें 11 जिलों में 35,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में की गई गणना में शेरों की संख्या का पता चला है. उन्होंने टीमों के चौबीस घंटे काम करने की प्रशंसा की, जिससे सटीक परिणामों का सत्यापन और क्रॉस-सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



