Canada News: कनाडा के छह प्रमुख हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बाद गुरुवार सुबह देशभर में हवाई सेवाओं में अस्थायी बाधा उत्पन्न हो गई. ओटावा, मॉन्ट्रियल, एडमोंटन, विनीपेग, कैलगरी और वैंकूवर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को बम की धमकियों से जुड़े अलर्ट जारी किए गए, जिसके चलते कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ स्थानों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए.
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने कनाडा की स्थिति को देखते हुए मॉन्ट्रियल और ओटावा एयरपोर्ट पर सुरक्षा कारणों से अस्थायी प्रतिबंध लागू कर दिए थे, जिन्हें न्यूयॉर्क समयानुसार सुबह 7:40 बजे हटा लिया गया.
रिपोर्टों के अनुसार, बम की धमकी के बाद वैंकूवर, ओटावा, मॉन्ट्रियल, विन्निपेग, कैलगरी और एडमोंटन हवाई अड्डों से आने-जाने वाली उड़ानों को कुछ घंटों के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया.
ओटावा पुलिस के अनुसार, राजधानी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया, जबकि हवाई अड्डे की वेबसाइट पर एक घंटे से अधिक की देरी वाली कई उड़ानें दर्ज की गईं.
सभी कर्मचारी सुरक्षित, अलर्ट अभी भी जारी
कनाडा की हवाई यातायात नियंत्रण एजेंसी के अनुसार, सभी प्रभावित एयरपोर्ट पर कर्मचारियों को सुरक्षित रखा गया और सुरक्षा बलों को उच्च अलर्ट पर रखा गया है. हालांकि कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, फिर भी सभी स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



