Kerala Weather Update: महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में अचानक आई बारिश ने तबाही मचा दी. मुंबई में सोमवार (26 मई) को भारी बारिश और आंधी आई, जिससे आम जन-जीवन पर खास असर पड़ा. वहीं, केरल में सोमवार को वर्षाजनित घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई.
बारिश और भूस्खलन के कारण 29 घर ढह गए और 868 घर क्षतिग्रस्त हो गए. प्रभावित जिलों में राहत शिविर खोले गए हैं.11 जिलों – पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 14 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है. तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन के एक्टिव होने की वजह से अगले चार दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. सोमवार को पूरे दिन मुंबई में भारी बारिश हुई. वर्ली मेट्रो स्टेशन पर पानी भर गया. अंधेरी, भांडुप और पवई में सड़कों पर जलभराव के कारण घंटों यातायात जाम रहा. स्थानीय रेलगाड़ियां और उड़ानें भी प्रभावित हुईं. इस बार मानसून 16 दिन पहले मुंबई पहुंच गया.
वहीं, हिमाचल प्रदेश में आज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. 27-28 मई को शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उधर, मध्य प्रदेश में सोमवार को भीषण गर्मी रही और 6 जिलों में भारी बारिश हुई. चार जिलों में दोपहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



