Harvard University bans admission of foreign students News in Hindi: विदेशी छात्रों को बड़ा झटका देते हुए अमेरिका की ट्रम्प सरकार ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल प्रोग्राम पर रोक लगा दी है. यह फैसला उन हजारों छात्रों के लिए बुरी खबर है जो अमेरिका जाकर पढ़ाई करने का सपना देख रहे थे. इनमें से सैकड़ों छात्र-छात्राएं भारत से भी हैं.यह निर्णय अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) द्वारा गुरुवार को लिया गया.
ट्रंप प्रशासन ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हजारों विदेशी छात्रों को बाहर निकालने का कदम उठाया है. इसका सीधा असर हार्वर्ड विश्वविद्यालय में अध्ययनरत लगभग 6,800 विदेशी छात्रों पर पड़ेगा. इनमें से 788 छात्र भारत के हैं, जो अब इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आगे उनका क्या होगा.
2024-2025 शैक्षणिक वर्ष में हार्वर्ड विश्वविद्यालय में 6,793 विदेशी छात्र अध्ययन कर रहे थे, जो कुल छात्रों का लगभग 27% था. इस निर्णय से न केवल नए प्रवेश प्रभावित होंगे, बल्कि वहां पहले से पढ़ रहे छात्रों की पढ़ाई और वीजा पर भी असर पड़ेगा.
रिपोर्टों के अनुसार, विदेशी छात्रों की प्रवेश पात्रता बनाए रखने के लिए हार्वर्ड विश्वविद्यालय को 72 घंटे के भीतर सभी मौजूदा विदेशी छात्रों के बारे में अमेरिकी सरकार को जानकारी उपलब्ध करानी होगी. यदि विश्वविद्यालय निर्धारित समय के भीतर यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराता है तो विदेशी छात्रों को अन्य विश्वविद्यालयों या कॉलेजों में स्थानांतरित होना पड़ेगा. यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें अमेरिका छोड़ना पड़ सकता है.
पिछले कुछ समय से अमेरिकी सरकार और हार्वर्ड विश्वविद्यालय के बीच विदेशी छात्रों के रिकॉर्ड को लेकर विवाद चल रहा है. होमलैंड सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने हार्वर्ड को 30 अप्रैल तक विदेशी छात्रों की अवैध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था.
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की वेबसाइट के अनुसार यहां विदेशी छात्र-छात्राओं की संख्या में हर साल बढ़ोतरी हो रही है. मौजूदा वर्ष 2024-25 में जहां 6793 विदेशी स्टूडेंट्स के साथ ये आंकड़ा कुल एडमिशन का 27% है, वहीं 2023-24 में 6713 स्टूडेंट्स के साथ इनका प्रतिशत 26.8 था. वहीं बात 2006-07 की बात करें तो उस वक्त यहां 3941 विदेशी स्टूडेंट्स के साथ ये आंकड़ा कुल एडमिशन का 19% था, जो बढ़ते-बढ़ते 27 तक पहुंच गया है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



