Uttrakhand Accident News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक निजी हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच यात्रियों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा गंगानी इलाके में हुआ, जब हेलीकॉप्टर गंगोत्री धाम की ओर जा रहा था. गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और अभियान जारी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’ धामी ने कहा, ‘‘प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है.
हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह यात्री और एक पायलट शामिल हैं. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



