Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरा देश गहरे सदमे में है. 22 अप्रैल को खूबसूरत बैसरन घाटी में हुए इस निर्मम हमले में 27 मासूमों की जान चली गई. इस दर्दनाक घटना ने हर भारतीय का दिल तोड़ दिया है.
(After the Pahalgam terrorist attack, singers cancelled all the shows news in hindi)
सोशल मीडिया पर हमले के दिल दहला देने वाले वीडियो सामने आए हैं, जिन्हें देखकर पूरा देश शोक में डूब गया है. राजनेताओं से लेकर फिल्मी सितारों तक, हर कोई इस त्रासदी पर शोक जता रहा है.
बता दें, इस दर्दनाक घटना की गूंज सिर्फ आम लोगों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री भी पहुंची है. यही वजह है कि एक के बाद एक बॉलीवुड सिंगर्स अपने कॉन्सर्ट को कैंसिल कर इस हमले के प्रति संवेदना जता रहे हैं. कई बड़े सिंगर्स ने अपने कॉन्सर्ट रद्द कर दिए हैं. बादशाह और अरिजीत सिंह के बाद अब मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने भी अपना सूरत में होने वाला कॉन्सर्ट कैंसिल कर दिया है. श्रेया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस फैसले की जानकारी दी.
उन्होंने लिखा कि आयोजकों के साथ विचार-विमर्श के बाद 26 अप्रैल को होने वाला सूरत का कॉन्सर्ट सम्मान और शोक स्वरूप रद्द कर दिया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी लोगों को टिकट का पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा. किसी भी तरह के सवाल या सहायता के लिए उन्होंने ईमेल के माध्यम से संपर्क करने का विकल्प भी दिया है.
श्रेया घोषाल ने अपने फैंस से इस फैसले को समझने की अपील की और दुख की इस घड़ी में एकजुट रहने का संदेश दिया. इससे पहले अरिजीत सिंह ने भी 27 अप्रैल को चेन्नई में होने वाला अपना कॉन्सर्ट रद्द कर दिया था. उन्होंने भी रिफंड प्रक्रिया की जानकारी फैंस के साथ साझा की थी.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live




