Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने चार मजदूरों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दर्दनाक हादसा बुधवार रात राजपुर रोड स्थित साईं मंदिर के पास हुआ, जब एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे चल रहे मजदूरों को कुचल दिया.(High speed Mercedes wreaks havoc in Dehradun news in hindi)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी और वह मसूरी से देहरादून की ओर आ रही थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मजदूर कई मीटर तक घसीटते चले गए. दुर्घटना के बाद चालक ने कार नहीं रोकी और स्कूटर सवार को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया.
दुर्घटना में मारे गए मजदूर काठबंगला नदी क्षेत्र में रहते थे. पुलिस के अनुसार, मृतकों में से दो की पहचान अयोध्या निवासी मंशाराम (30) और रंजीत (35), बाराबंकी निवासी बालकरन (40) और फैजाबाद निवासी दुर्गेश के रूप में हुई है. सभी मजदूर शिवम नामक एक ठेकेदार के लिए काम कर रहे थे.
दुर्घटना में स्कूटर पर सवार दो अन्य लोग धनी राम और मोहम्मद साकिब भी घायल हो गए. दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए उत्तरांचल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है लेकिन फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा गया है.
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में प्रयुक्त मर्सिडीज कार पर चंडीगढ़ का नंबर प्लेट लगा था. जांच के दौरान वाहन को सहस्रधारा क्षेत्र में एक खाली प्लॉट से बरामद किया गया. पुलिस ने वाहन के मालिक की पहचान कर ली है, जिसे दिल्ली से खरीदा गया था. इसके अलावा वाहन मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटाने के लिए देहरादून पुलिस की एक टीम दिल्ली और चंडीगढ़ भेजी गई है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



