Mahakumbh 2025: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से महाकुंभ में शामिल होने जा रहे लोगों ने दो स्टेशनों पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों पर पथराव किया. यह पथराव तब किया गया जब भीड़ भरी बोगियों में बैठे यात्रियों ने उनके लिए ट्रेन के दरवाजे नहीं खोले.
(Train going to Prayagraj was pelted with stones news in hindi)
छतरपुर और हरपालपुर रेलवे स्टेशनों पर सोमवार रात हुए हंगामे के बाद अधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.
इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें छतरपुर और हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर कुछ लोगों को चीखते-चिल्लाते सुना जा सकता है. वीडियो में कुछ लोगों को ट्रेन की बोगियों पर पत्थर फेंकते, उनके दरवाजों पर प्रहार करते तथा उन्हें जबरदस्ती खोलने का प्रयास करते देखा जा सकता है.
छतरपुर के एक यात्री आर.के. सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि वह प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान संगम में डुबकी लगाने जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि वह प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में इसलिए नहीं चढ़ सके क्योंकि दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं. उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा हंगामा मचाने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने छतरपुर में एक ट्रेन के दरवाजे खोल दिए, लेकिन पहले से ही भीड़भाड़ की स्थिति के कारण कई लोग ट्रेन में चढ़ नहीं सके.
महाकुंभ 2025 के अंतिम 17 दिनों में 15 करोड़ से अधिक लोग गंगा और संगम में स्नान कर चुके हैं तथा बुधवार को मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ से अधिक लोगों के गंगा में स्नान करने की उम्मीद है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



